शहर में बदला मौसम, दिनभर तेज धूप के बाद रात को बरसे बदरा

शहर में शनिवार रात मौसम यकायक बदल गया। दिनभर चटक धूप के बाद रात को शहर के अधिकांश हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। इससे मौसम में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग के अनुसार एक चक्रवाती सिस्टम दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर बना हुआ है। इस कारण क्षेत्र में बारिश हुई है। 



जोधपुर शहर में शनिवार को दिनभर मौसम एकदम साफ रहा और तेज धूप निकली रही। रात आठ बजे शहर में एक बार कुछ छिंटे गिरे और मौसम साफ हो गया। लेकिन नौ बजे के करीब यकायक तेज हारिश शुरू हो गई। शहर के अधिकांस क्षेत्रों में बारिश होने के समाचार है। शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड और उससे सटे इलाकों में तेज बारिश होने से सड़कों पर पानी एकत्र हो गया। बारिश के कारण तेजी से बढ़ रहे तापमान पर ब्रेक लगने की संभावना है. आज शहर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूनतम 20 डिग्री दर्ज किया गया। 



मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे भागों पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र हरियाणा पर है। वहीं एक चक्रवाती सिस्टम दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर बना हुआ है। इस कारण राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।